5
(2)

अपराधी नेता बन चुके हैं, जात देखकर न करें कार्रवाई:

नवगछिया में व्यवसायी की हत्या पर जमकर बरसे पप्पू यादव

नवगछिया। नवगछिया बाजार में बीती रात अपराधियों द्वारा एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पीड़ित परिवार से मुलाकात करने सोमवार को पूर्णिया के सांसद और जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव नवगछिया पहुंचे। उन्होंने मृतक व्यवसायी के घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी, न्याय दिलाने का आश्वासन दिया और कहा कि वे इस मामले में हर स्तर पर परिवार के साथ खड़े रहेंगे।

परिजनों से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में पप्पू यादव ने राज्य में बढ़ते अपराध, पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और सत्ता की भूमिका पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “पहले नेता अपराधी को बनाता था, अब अपराधी ही नेता बन गए हैं। अब सत्ता अपराधी के बदौलत चलती है। समाज ने जबसे अपराधियों को जाति और पार्टी देखकर स्वीकार करना शुरू कर दिया, तबसे अपराध का ग्राफ और ऊपर चला गया।”

उन्होंने कहा कि आज थाने में पुलिस अपराध पर नियंत्रण करने के बजाय ड्रग्स, कोरेक्स और बालू के अवैध धंधे को संरक्षण देने में लगी है। थाना परिसर में ही दलाल सक्रिय हैं, जो वाहन जांच, हेलमेट, चप्पल जैसी चीज़ों पर चालान काटने के बहाने पैसे वसूलते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अब डीटीओ और एमवीआई के काम में लग गई है, जबकि असली अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।

सांसद ने माफियाओं और ठेकेदारों को हथियार का लाइसेंस दिए जाने पर कड़ा एतराज़ जताया और कहा कि, “सच्चे जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों को आत्मरक्षा के लिए हथियार का लाइसेंस मिलना चाहिए, न कि अपराधियों को।”

व्यवसायी की हत्या को उन्होंने प्रशासनिक विफलता बताया और मांग की कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को सख्त सजा दी जाए ताकि मृतक के परिजनों को न्याय मिल सके।

गोपाल मंडल के एक हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने कहा, “अपराधी कोई भी हो, किसी भी जाति का हो, उसे हर हाल में मिटा देना चाहिए। जात-पात देखकर अपराध को नहीं देखा जाना चाहिए। अपराधी सिर्फ अपराधी होता है।”

उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है और अब जनता को जागरूक होकर ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनना होगा जो अपराध मुक्त समाज बना सकें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: