



नवगछिया। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गरीब नवाज़ एक्सप्रेस ट्रेन को अब एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) रेक से चलाया जाएगा। 22 जून 2025 से किशनगंज स्टेशन से चलने वाली गाड़ी संख्या 15715 किशनगंज–अजमेर गरीब नवाज़ एक्सप्रेस और 24 जून 2025 से अजमेर जंक्शन से चलने वाली गाड़ी संख्या 15716 अजमेर–किशनगंज गरीब नवाज़ एक्सप्रेस एलएचबी कोच के साथ संचालित होगी।

एलएचबी कोच का नया कंपोजिशन इस प्रकार है: 7 स्लीपर, 4 जनरल, 5 थर्ड एसी इकॉनॉमी, 1 थर्ड एसी, 2 सेकंड एसी, 1 फर्स्ट एसी, 1 जनरेटर कार और 1 दिव्यांग सह गार्ड कोच, कुल 22 कोचों के साथ यह ट्रेन चलेगी। इसमें एक अतिरिक्त सामान्य बोगी भी जोड़ी जा रही है जिससे आम यात्रियों को अधिक जगह मिल सकेगी।

नवगछिया रेल सलाहकार समिति के सदस्य मुकेश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ट्रेन से नवगछिया सहित आसपास के इलाकों के हजारों यात्री सफर करते हैं। एलएचबी कोच लगने से यात्रियों को बेहतर आराम, सुरक्षा और सुविधाएं मिलेंगी।
एलएचबी कोच तेज रफ्तार, कम झटका और आधुनिक सुविधाओं से युक्त होते हैं, जिससे लंबी दूरी की यात्रा अधिक सहज और सुरक्षित होती है। रेल प्रशासन की इस पहल से आम यात्रियों में खुशी का माहौल है।














