3.8
(4)

मृतक खगड़िया के छोटी पैंकात गांव का निवासी, परिवार में मचा कोहराम

नवगछिया के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर इंदिरा मंच के समीप सोमवार की संध्या करीब 4:30 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान खगड़िया जिला के पसराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी पैंकात वार्ड संख्या 11 निवासी निर्मल कुमार (21 वर्ष), पिता इंदल शर्मा के रूप में की गई है।

सूचना मिलते ही बिहपुर थाना की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान मोबाइल सिम के आधार पर की गई, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।

देर शाम मृतक के परिजन बिहपुर थाना पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि निर्मल कुमार टीवीएस राइडर बाइक से बिहपुर के हरियो गांव आम खरीदने जा रहा था। इसी दौरान इंदिरा मंच से पूरब की ओर एनएच-31 पर अचानक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गया।

निर्मल दो भाइयों में बड़ा था और बेहद होनहार युवक था। वह स्नातक की पढ़ाई पूरी कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। साथ ही अपने पिता के साथ दूध के व्यवसाय में भी सहयोग करता था। छोटा भाई रजनीश इंटर की पढ़ाई कर रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मां पूनम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, वे बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। पिता इंदल शर्मा और भाई रजनीश भी गहरे सदमे में हैं। गांव में शोक की लहर फैल गई है। आसपास के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में लगे हैं।

बिहपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि अज्ञात ट्रक की टक्कर से युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 3.8 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: