4.8
(5)

प्रेमिका से मिलने 400 किलोमीटर दूर से आया युवक, इंकार पर खाया जहर, नवगछिया अस्पताल में चला घंटों का रेस्क्यू ऑपरेशन

नवगछिया। प्रेम में पागल एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने 400 किलोमीटर दूर रोहतास जिले के कास्त बोबरा गांव से नवगछिया पहुंच गया। लेकिन जब प्रेमिका ने शादी से इनकार कर दिया तो उसने ज़हर खाकर जान देने की कोशिश की। यह सनसनीखेज मामला शुक्रवार दोपहर नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में सामने आया जब युवक श्रवण कुमार अर्धचेतन अवस्था में पहुंचा और बताया कि उसने चूहे मारने की दवा खा ली है।

युवक की पहचान श्रवण कुमार, पिता वशिष्ठ पासवान, निवासी कास्त बोबरा, थाना काराकाट गोरारी, जिला रोहतास के रूप में हुई है। श्रवण ने बताया कि दो वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर नवगछिया की एक युवती से हुई थी। पहले इंस्टा स्टोरी मेंशन, फिर चैटिंग, कॉलिंग और लंबी बातचीत के बाद दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे। युवती मखाताकिया क्षेत्र की रहने वाली है और गौशाला रोड स्थित एक कंप्यूटर कोचिंग में पढ़ने जाती थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध इतने गहरे हो चुके थे कि युवक कई बार नवगछिया भी आ चुका था।

श्रवण ने बताया कि वह 25 जून को अपने गांव से निकला। पहले वह आरा स्टेशन पहुंचा और फिर वहां से ट्रेन पकड़कर भागलपुर आया। भागलपुर में वह एक होटल में रुका और अगले दिन यानी 26 जून की सुबह 6:30 बजे नवगछिया पहुंचा। वहां वह गौशाला रोड स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर युवती का इंतजार करता रहा। जब युवती वहां पहुंची तो उसने युवक को फटकार लगाते हुए पूछा कि वह बिना बताए क्यों आया। श्रवण ने मिलने और साथ चलने की बात की, लेकिन युवती क्लास कर चली गई। दिन भर श्रवण मखाताकिया की एक दुकान के पास बैठा रहा। युवती ने उसे वहां भी देखा लेकिन नजरअंदाज कर चली गई। उस रात श्रवण नवगछिया स्टेशन के पास एक लॉज में रुका और मार्केटिंग के बहाने कमरा लिया।

अगले दिन शुक्रवार को दोनों गौशाला रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में मिले। बातचीत के दौरान श्रवण ने युवती से कहा कि वह उसके बिना नहीं रह सकता और उसे अपने गांव ले जाना चाहता है। इस पर युवती ने स्पष्ट शब्दों में मना कर दिया और कहा कि उसके माता-पिता इस रिश्ते के लिए राज़ी नहीं हैं और वह शादी नहीं कर सकती। इस बात से आहत होकर श्रवण ने पहले ब्लेड से अपना हाथ काटा और धमकी दी, फिर जेब से चूहे मारने की दवा निकालकर उसे पी लिया। युवती ने तुरंत उसकी जेब से दवा छीनकर फेंक दी, लेकिन तब तक जहर का कुछ अंश पानी में मिल चुका था जिसे श्रवण पी चुका था।

इसके बाद श्रवण वहां से निकल गया। गुस्से में उसने अपना मोबाइल तोड़ दिया और एक दुकान पर जाकर नया डिस्प्ले लगवाया। उसी दौरान उसे जहर पीने की याद आई और शरीर में असर दिखने लगा। घबराहट और डगमगाते कदमों के साथ वह नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचा।

शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे जब वह अस्पताल पहुंचा तो ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर हैम्पर कुमार की टीम ने उसे तत्काल इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू किया। घंटों की मेहनत, चिकित्सकीय प्रयास और 6 लीटर से अधिक पानी पिलाकर उसका पेट साफ किया गया और ज़हर निकाला गया।

इलाज के बाद जब वह होश में आया तो फूट-फूटकर रोने लगा। उसने कहा कि उसने गलत लड़की से मोहब्बत की और अब सबकुछ खत्म हो गया। उसने यह भी बताया कि वह पहले भी 5-6 बार नवगछिया आ चुका है, लेकिन इस बार उसे उम्मीद थी कि वह युवती को अपने साथ गांव ले जाएगा। हालांकि उसने लड़की और उसके पिता का नाम बताने से इनकार कर दिया ताकि उनकी बदनामी न हो।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से श्रवण के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद वे रोहतास से नवगछिया के लिए रवाना हो चुके हैं। शनिवार सुबह तक उनके अस्पताल पहुंचने की उम्मीद है।
यह घटना एकतरफा प्रेम की उस सीमा को दिखाती है, जहां अस्वीकार होने पर व्यक्ति जीवन तक दांव पर लगा देता है। फिलहाल श्रवण की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4.8 / 5. Vote count: 5

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: