



नवगछिया : कटिहार जिला के मनिहारी प्रखंड अंतर्गत गांधी टोला गांव में सोमवार को भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के तत्वावधान में जलज परियोजना (जलज रामचिरैया) के अंतर्गत चार दिवसीय अगरबत्ती एवं मोमबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस मौके पर जलज परियोजना के सहायक समन्वयक राहुल कुमार राज ने बताया कि यह प्रशिक्षण स्थानीय समुदाय विशेषकर महिलाओं को आजीविका सृजन में सहयोग करेगा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देगा। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में गांव की 25 महिलाओं को चयनित कर उन्हें हस्तनिर्मित अगरबत्ती एवं मोमबत्ती बनाने की विधि सिखाई जाएगी।
प्रशिक्षण के पहले दिन प्रशिक्षक रघुनंदन प्रसाद सिंह ने महिलाओं को अगरबत्ती निर्माण की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने सामग्री जैसे—कोयला पाउडर, जिकैट पाउडर, निर्मा पाउडर, जोश पाउडर, बांस की काठी (बम्बू स्टिक) और उचित मात्रा में पानी के उपयोग पर विस्तार से समझाया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने स्वयं के हाथों से अगरबत्तियां बनाकर प्रयोग भी किया।
स्थानीय महिलाओं ने इस प्रकार के प्रशिक्षण को अपने लिए अत्यंत उपयोगी बताया और प्रसन्नता जताई कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम उनके गांव में आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम जहां एक ओर ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वावलंबन की दिशा में मार्ग प्रशस्त करेगा, वहीं स्थानीय स्तर पर लघु उद्योग को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगा।













