



नवगछिया । भागलपुर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने खरीक एवं नारायणपुर प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं की प्रगति और कार्यालयी व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) एवं जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की और अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची बनाकर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी कर्मी समय पर कार्यालय आएं और जनता से जुड़े कार्यों में कोई लापरवाही न हो।

कार्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं से संबंधित फाइलों की भी उन्होंने बारीकी से समीक्षा की और कार्य प्रगति की जानकारी ली। जहां त्रुटियां या देरी पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
विशेष रूप से मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर गंभीरता से कार्य करने को कहा गया। डीडीसी ने स्पष्ट किया कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए। इसके लिए कार्यालयों में जवाबदेही तय करना जरूरी है।
उन्होंने कार्यसंस्कृति में सुधार, कार्यालयों की साफ-सफाई बनाए रखने और जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। निरीक्षण के अंत में डीडीसी ने कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सभी कर्मियों को जिम्मेदारी और निष्ठा से कार्य करना होगा।














