



नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के मेघल टोला गंगा घाट पर रविवार की शाम करीब चार बजे कृष्ण प्रतिमा विसर्जन के दौरान गंगा नदी में डूबे पच्चीस वर्षीय युवक का शव सोमवार की दोपहर करीब 12 बजे स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान खरियक थाना क्षेत्र के विश्वपुरिया निवासी झींगों यादव के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है।

इस्माइलपुर के सीओ और थानाध्यक्ष ने एसडीआरएफ टीम तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव की खोजबीन करने का निर्देश दिया था। सोमवार की दोपहर को मेघल टोला गंगा घाट से कुछ ही दूरी पर मृतक का शव पाया गया। परबत्ता पंचायत के मुखिया मनोज कुमार मंडल और पंसस अजय कुमार ने बताया कि मृतक शिव मंदिर टोला निवासी सिकंदर यादव का दामाद था। वह शनिवार को कृष्णाष्टमी के अवसर पर अपनी पत्नी और दो पुत्रों के साथ ससुराल आया था। शिव मंदिर टोला में कृष्ण प्रतिमा विसर्जन के दौरान वह गहरे पानी में चला गया था।

शव के मिलने के बाद मृतक के घर में मातमी सन्नाटा छा गया है। मृतक की पत्नी झुपली देवी और पुत्र कुंदन कुमार तथा चंदन कुमार सहित अन्य परिजनों का हाल बेहाल है। सभी सदस्य दुःख में रो रहे हैं। मनीष की शादी वर्ष 2020 में हुई थी।
इस्माइलपुर थानाध्यक्ष पुनि धीरज कुमार ने बताया कि डूबे युवक का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया गया है। इस्माइलपुर के सीओ ने भी पुष्टि की कि मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता राशि मुआवजे के रूप में प्रदान की जाएगी।













