



नवगछिया। बीते दिन जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में शहीद हुए अंकित उर्फ धीरज यादव के पैतृक आवास चापर में मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव पहुंचे। उन्होंने शहीद के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाया।
शहीद के पिता लक्ष्मी यादव, माता सविता देवी, पत्नी रूबी कुमारी तथा छोटे-छोटे पुत्र उत्कर्ष और उपांशु को देखकर हर कोई भावुक हो उठा। इस दौरान माहौल गमगीन हो गया।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने शहीद अंकित उर्फ धीरज यादव की वीरता को नमन करते हुए पार्टी राष्ट्रीय जनता दल की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वीर शहीद का बलिदान साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है, जिसने पूरे देश को गमगीन कर दिया है। उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार की मांगें जायज हैं और सरकार को इन्हें शीघ्र पूरा करना चाहिए। शहीद की पत्नी रूबी कुमारी को स्थायी सरकारी नौकरी देकर ही सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
पूर्व बाल श्रमिक आयोग अध्यक्ष चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि केंद्र सरकार को आतंकवादियों के खिलाफ अविलंब ठोस और कठोर कदम उठाना चाहिए। आखिर कब तक देश इस प्रकार के हमलों में अपने वीर सपूतों को खोता रहेगा।

वहीं श्री सदगुरु साईंनाथ सेवा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शुभम यादव ने मांग की कि वीर शहीद अंकित उर्फ धीरज यादव के सम्मान में एक स्मारक बनाया जाए तथा रंगरा अस्पताल का नाम शहीद के नाम पर रखा जाए।
इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव के साथ पूर्व बाल श्रमिक आयोग अध्यक्ष चक्रपाणि हिमांशु, पूर्व प्रत्याशी शैलेश यादव, प्रदेश प्रवक्ता अरुण यादव, जिलाध्यक्ष अलखनिरंजन पासवान, प्रधान महासचिव संजय मंडल, राजद नेता संजय मंडल, महेश फौजी, पूर्व प्रमुख पवन कुमार, अशोक यादव, गौतम बनर्जी, डॉ. आर्यन यादव, शुभम यादव, रणविजय यादव, राजेश्वर प्रसाद यादव, दीपक कुमार यादव, बिभूति यादव, अधिवक्ता हिमांशु यादव, विकास यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।













