



नयाटोला वार्ड-8 पहुंचे गोपालपुर विधायक, सड़क निर्माण का दिया आश्वासन
नवगछिया । जीएस न्यूज दैनिक अखबार में प्रकाशित खबर का सीधा असर शनिवार को देखने को मिला। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नवगछिया नगर के वार्ड संख्या-8, नयाटोला के ग्रामीणों ने सड़क और नाली निर्माण की मांग पूरी नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार का निर्णय लिया था। खबर प्रकाशित होते ही गोपालपुर के जदयू विधायक नरेंद्र कुमार नीरज अपने कार्यकर्ताओं के साथ नयाटोला पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात की।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक ने आश्वस्त किया कि विधानसभा चुनाव से पहले सड़क का निर्माण अवश्य कराया जाएगा। इस दौरान उनके साथ पूर्व जिलाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार भारती, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद मंडल और पीए मुन्ना जायसवाल मौजूद रहे।
पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल ने जानकारी दी कि जहां सड़क निर्माण होना है, वह जमीन पीडब्ल्यूडी की है। जल्द ही नवगछिया सीओ द्वारा स्थल जांच और पैमाइश कराकर सड़क निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग से अनापत्ति मिलते ही सड़क का निर्माण शुरू होगा, जिससे वर्षों से जलजमाव और कच्चे रास्ते की समस्या से जूझ रहे मोहल्लेवासियों को राहत मिलेगी।
इसी क्रम में शनिवार को योजना एवं विकास विभाग के कनीय अभियंता ने भी स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सड़क मार्ग का जायजा लिया।
इस मौके पर हरीलाल, मुन्नी खातून, शेख इस्माईल, शेख हसबुल, सुमन देवी, माला देवी, नरेश पंडित, शांति भूषण कुमार, भीष्म सिंह, रविरंजन, गुड़िया खातून, रविसा खातून, शेख सैनु, सागर प्रसाद सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।













