



भागलपुर ।
पीरपैंती प्रखंड के चंपा देवी इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय, शेरमारी में भारत स्काउट एंड गाइड के तत्वावधान में पांच दिवसीय प्रथम सोपान प्रशिक्षण का दीक्षांत सह समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें जिला संगठन आयुक्त विपिन कुमार सिंह, सहायक सचिव अमरनाथ सिंह, प्राचार्य मो. मेहताब आलम, सुबोध कुमार, स्काउट के जिला प्रशिक्षक मुकेश आजाद, गाइड कैप्टन जया मलिक और शमा तरन्नुम शामिल हुए।

समारोह में भागलपुर से आए स्काउट पदाधिकारियों का अंगवस्त्र और बुके देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त विपिन कुमार सिंह ने कहा कि स्काउट एंड गाइड जैसी संस्था से जुड़ने पर छात्राओं में शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास होता है। वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. मेहताब आलम ने कहा कि यह संस्था बच्चों में छिपी नई प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर देती है।
समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चों को स्कार्फ, बैज और बग़ल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षकों और गाइड कैप्टन ने छात्राओं को नीले झंडे तले देश सेवा, समाज सेवा और दूसरों की सहायता के लिए शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में सुप्रिया कुमारी, रितु कुमारी, जीनत, नंदनी कुमारी, कंचन कुमारी, रेंजर नैंसी रानी, अनु कुमारी और मो. नूर सुमित कुमार सहित कई शिक्षकों ने बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान गाइड की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए और विभिन्न व्यंजन बनाकर भोजन का स्टॉल लगाया, जहां शिक्षकों को स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए।
यह समारोह बच्चों की रचनात्मकता, अनुशासन और समाज सेवा की भावना का जीवंत उदाहरण बना।













