



नवगछिया । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां के खिलाफ अभद्र भाषा प्रयोग किए जाने को लेकर बिहपुर में एनडीए कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बाजार को सुबह से दोपहर 12 बजे तक शांतिपूर्ण बंद कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और ईडी गठबंधन के अन्य नेताओं के विरोध में जोरदार नारेबाजी की और एनडीए कार्यालय से रेलवे स्टेशन गोलंबर तक आक्रोश मार्च निकाला।

आक्रोश मार्च का नेतृत्व बिहपुर भाजपा विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक इ. शैलेंद्र ने किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिलामंत्री रूपेश रूप और जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज लाल ने किया। मौके पर विधायक समेत अन्य नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर गुमराह यात्रा ने राजनीतिक मर्यादाओं की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। उनके मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय मां के लिए जिस घृणित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, वह भारतीय राजनीति के इतिहास में दुर्लभ और शर्मनाक है।

विधायक शैलेंद्र ने कहा कि पीएम मोदी की स्वर्गीय मां का अपमान दरअसल देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है। विपक्ष की हताशा इतनी बढ़ चुकी है कि वे प्रधानमंत्री की मां तक को अपमानित करने से पीछे नहीं हट रहे। यह कृत्य न केवल निंदनीय है बल्कि विपक्षी राजनीति के पतन का उदाहरण भी है। उन्होंने कहा कि राहुल और तेजस्वी चाहे हज़ार बार भी माफी मांग लें, बिहार की जनता उनके इस कलंक को इतनी आसानी से नहीं भूलेगी।
कार्यक्रम में ललिता देवी, दिलीप महतो, बृजेश चौधरी, गोपाल चौधरी, बासुकी झा, अजय उर्फ माटो, सदानंद, लालमोहन, सौरव, सिंटू, बिक्की और दल्लू चौधरी समेत कई महिला-पुरुष कार्यकर्ता मौजूद रहे।












