



भागलपुर ज़िले के सबौर प्रखंड के फतेहपुर में सोमवार की शाम अचानक तनाव का माहौल बन गया। एक मामूली विवाद ने सामुदायिक रंग ले लिया और कुछ ही मिनटों में दो समुदाय आमने-सामने आ गए। मामला बाइक सवार और टोटो चालक के बीच रास्ता मांगने से शुरू हुआ, लेकिन देखते-देखते विवाद मारपीट और पथराव तक पहुँच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। एसएसपी स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी और फ्लैग मार्च भी निकाला गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब एक बाइक सवार युवक फतेहपुर बाज़ार से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे टोटो चालक से रास्ता देने की मांग पर कहासुनी शुरू हो गई। थोड़ी ही देर में विवाद गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लोग जुट गए और मामला सामुदायिक तनाव में बदल गया।
मारपीट और तनाव की खबर मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुँची, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को बुलाया गया। एसएसपी मौके पर पहुँचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने उपद्रव फैलाने वालों की पहचान शुरू कर दी है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर शांति व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई होगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। तनाव को देखते हुए देर रात तक फ्लैग मार्च जारी रहा ताकि लोग भयमुक्त होकर अपने घरों में रह सकें। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
इस झड़प में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। बाज़ार की कई दुकानें समय से पहले बंद हो गईं। हालांकि पुलिस और प्रशासन की तत्परता से हालात अब नियंत्रण में हैं और धीरे-धीरे माहौल सामान्य होता दिख रहा है।















