



भागलपुर । त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने यात्रियों की सुरक्षित, सहज और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। विशेष रूप से भागलपुर, जमालपुर, साहिबगंज और मालदा टाउन जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधाओं के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर बैठने से यात्रियों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न होती है, जिससे प्लेटफार्म बदलने वाले यात्रियों को परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तैनाती बढ़ाई गई है। आरपीएफ कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे यात्रियों को फुट ओवर ब्रिज का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित करें और भीड़ को नियंत्रित रखें।
इसके साथ ही प्लेटफार्म परिवर्तन के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है, ताकि ट्रेन में चढ़ने और उतरने की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। भागलपुर स्टेशन पर लगातार उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, जिससे भीड़ के बीच भी सुरक्षा और सुविधा बनी रहे।

सामान्य श्रेणी के डिब्बों में यात्रियों को कतारबद्ध होकर चढ़ने और उतरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि अव्यवस्था से बचा जा सके और यात्रा अधिक सुरक्षित हो। रेलवे प्रशासन ने बताया कि त्योहारों के इस व्यस्त समय में रेलवे सुरक्षा बल लगातार सतर्कता के साथ तैनात है और यात्रियों की सहायता में तत्पर है।
मालदा मंडल ने कहा कि छठ पूजा और अन्य पर्वों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में भीड़ प्रबंधन, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सहायता सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव मिल सके।
















