



भागलपुर: परबत्ता थाना क्षेत्र में हुए बाल अपहरण मामले में पुलिस की तत्पर कार्रवाई के परिणामस्वरूप 5 वर्षीय अपहृत बालक को बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 जनवरी 2025 को वादी शशि कुमार मंडल ने परबत्ता थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनका 5 वर्षीय पुत्र बीते दिन घर के दरवाजे से अचानक गायब हो गया। उन्होंने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद परबत्ता पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए कांड संख्या 11/25 दिनांक 19.01.25 के तहत धारा 137(2)/140(2) बीएनएस के अंतर्गत कांड अनुसंधान प्रारंभ किया। पुलिस ने तुरंत बालक की खोज के लिए टीम गठित की और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
इस अनुसंधान के क्रम में, दिनांक 30 अक्टूबर 2025 को अपहृत बालक को नीच टोला, इस्माईलपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बालक को उसके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह सफलता पुलिस की तत्परता और समन्वित कार्यप्रणाली का परिणाम है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है।















