



भागलपुर में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने तथा मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी के उद्देश्य से शनिवार को सबौर प्रखंड अंतर्गत चिराग जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ की दीदियों ने मतदाता जागरूकता अभियान चलाया।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र हुईं और उन्होंने मिलकर एक आकर्षक रंगोली बनाई, जिसमें ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ लिखकर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। दीदियों ने 11 नवंबर 2025 को शत-प्रतिशत मतदान करने का संकल्प लिया।
चिराग जीविका संकुल संघ की अध्यक्ष मानुषी देवी ने इस अवसर पर कहा कि मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक को इसमें भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक जागरूक मतदाता ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकता है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित संगोष्ठी में सबौर के बीपीएम विवेक कुमार ने जीविका दीदियों को मतदान के महत्व और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट देश की दिशा तय करता है, इसलिए सभी को मतदान के दिन मतदान केंद्र तक पहुंचना चाहिए।

सभा में उपस्थित सभी दीदियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली – “मेरा वोट मेरा अधिकार है। मतदान तिथि के दिन हम अपना वोट डालकर अपना कर्तव्य निभाएंगे, तभी देश के सच्चे नागरिक कहलाएंगे।”
इसके साथ ही दीदियों ने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य सदस्यों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगी, ताकि इस बार भागलपुर में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।
इस आयोजन ने न केवल महिलाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ाया, बल्कि समाज में यह संदेश भी दिया कि सक्रिय और सजग नागरिक ही लोकतंत्र की असली ताकत हैं।
















