



भागलपुर । बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के साथ-साथ निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आयोग के पत्र संख्या 76/अनुदेश/2015/ईईपीएस/खण्ड-XIV, दिनांक 2 जून 2015 के अनुसार, प्रत्येक प्रत्याशी को परिणाम की घोषणा के 30 दिनों की सांविधिक अवधि के भीतर अपना निर्वाचन व्यय लेखा दाखिल करना अनिवार्य है।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार परिणाम की घोषणा के 26वें दिन लेखा समाधान बैठक आयोजित की जानी है। साथ ही, व्यय लेखा दाखिल करने की अंतिम तिथि से एक सप्ताह पूर्व सभी अभ्यर्थियों, निर्वाचन एजेंटों एवं लेखा कार्य से जुड़े कार्मिकों के लिए फैसिलिटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, ताकि निर्वाचन व्यय लेखा प्रक्रिया को सुगम और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

इसी क्रम में भागलपुर जिले के अंतर्गत 152-बिहपुर, 153-गोपालपुर, 154-पीरपैंती (अ.जा.), 155-कहलgaon, 156-भागलपुर, 157-सुल्तानगंज और 158-नाथनगर विधानसभा क्षेत्रों के अभ्यर्थियों के लिए लेखा समाधान बैठक की तिथि, समय और स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं।
लेखा समाधान बैठक 10 दिसंबर 2025 (बुधवार) को पूर्वाह्न 10:30 बजे से आयोजित की जाएगी।
152-बिहपुर एवं 153-गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए बैठक का स्थल भूतल, अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण कोषांग, भागलपुर निर्धारित किया गया है।
154-पीरपैंती (अ.जा.), 155-कहलgaon और 157-सुल्तानगंज निर्वाचन क्षेत्रों के लिए बैठक प्रमंडलीय सभा कक्ष (प्रथम तल), अभ्यर्थी व्यय अनुश्रवण कोषांग, भागलपुर में होगी।
156-भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपीलीय कार्यालय कक्ष तथा 158-नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए अंकेक्षण कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की जाएगी।
सभी अभ्यर्थियों, निर्वाचन एजेंटों एवं लेखा कर्मियों के लिए फैसिलिटेशन कार्यक्रम 8 और 9 दिसंबर 2025 को अपराह्न 12 बजे से समीक्षा सभागार, समाहरणालय भागलपुर में आयोजित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि सभी अभ्यर्थी स्वयं या अपने निर्वाचन एजेंट के माध्यम से समय पर प्रशिक्षण एवं लेखा समाधान बैठक में उपस्थित हों। साथ ही, लेखा दल में प्रतिनियुक्त सभी कर्मी, पदाधिकारी और सहायक व्यय प्रेक्षक उक्त तिथियों पर उपस्थित रहकर अभ्यर्थियों से उनके व्यय पंजी, वाउचर, विपत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज विधिवत रूप से प्राप्त कर जमा कराना सुनिश्चित करेंगे।
















