



भागलपुर ।
23 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर द्वारा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, भागलपुर में आयोजित 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कैंप में रविवार, 24 नवंबर 2025 को ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अरुण उणियाल ने निरीक्षण हेतु आगमन किया। इस कैंप में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ प्रभाग के 500 से अधिक कैडेट्स प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
ब्रिगेडियर उणियाल के आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सलामी शस्त्र दिया गया। कैंप कमांडेंट कर्नल रितेश मोहन ने उनका औपचारिक स्वागत किया। इसके पश्चात ब्रिगेडियर उणियाल ने उपस्थित कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा के महत्व पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने अपनी व्यक्तिगत सैन्य यात्रा साझा करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने चुनौतियों का सामना करते हुए ब्रिगेडियर के पद तक अपनी पहचान बनाई।
उन्होंने युवाओं की देश निर्माण में भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि एनसीसी कैडेट्स भविष्य के उत्तरदायी नागरिक हैं और उन्हें हर क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान ब्रिगेडियर उणियाल ने कैंप की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने कैडेट्स लाइन, गर्ल्स कैडेट लाइन और वॉइस कैडेट लाइन का निरीक्षण किया। मेस की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था को देखकर संतोष व्यक्त किया।
इसके अलावा उन्होंने ड्रिल अभ्यास, फील्डक्राफ्ट, मैप रीडिंग तथा हथियार प्रशिक्षण की प्रगति का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना को मजबूत करता है। साथ ही स्वास्थ्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों पर ध्यान देने की आवश्यकता भी बताई।

कार्यक्रम के अंत में कर्नल रितेश मोहन ने ब्रिगेडियर उणियाल के आगमन और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कुल मिलाकर ब्रिगेडियर उणियाल का यह दौरा कैडेट्स के लिए अत्यंत प्रेरणादायक तथा उत्साहवर्धक साबित हुआ।













