



नवगछिया जिले के रंगरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे भवानीपुर काली मंदिर के पास तेज रफ्तार में अनियंत्रित टाटा टियागो कार ने सड़क किनारे खड़े तीन राहगीरों को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर मुस्लिम टोला निवासी मछली विक्रेता मोहम्मद शकील अली (65 वर्ष) पिता स्व. मेजान अली की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में घायल हुए रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी दिलीप यादव पिता श्याम सुंदर यादव को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में खगड़ा के समीप उनकी भी मौत हो गई।

वहीं तीसरा जगरनाथ रविदास पिता रामो रविदास, घर फुलवड़िया, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार का प्राथमिक ईलाज नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में करनें के बाद घर भेज दिया गया ।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने मृतक और घायल को त्वरित रूप से टोटो की मदद से नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मोहम्मद शकील को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अनुमंडल अस्पताल परिसर में भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। नवगछिया पुलिस दलबल के साथ पहुंचकर लोगों को शांत कर सकी।

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की जानकारी तुरंत रंगरा थाना को दी गई थी, लेकिन तीन घंटे तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। पुलिस की देरी के कारण आक्रोश बढ़ गया और लोग दुर्घटनाग्रस्त कार को आग लगाने तक की बात कर रहे थे। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले को शांत कराने के लिए चौकीदार को भेजा गया था, जबकि पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में व्यस्त थी।
ग्रामीणों ने दावा किया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार गांव के ही स्व. सुनील पोद्दार के बेटे ऋतिक पोद्दार की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक नशे में था और हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

यातायात थानाध्यक्ष पुनि सुजीत वारसी ने बताया कि तेज रफ्तार कार के धक्के से दो लोगों की मौत हो गई है। दोनों शवों का अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को जप्त कर लिया गया है और मृतक मोहम्मद शकील के पुत्र परवेज के बयान पर भवानीपुर के एक चालक को नामजद आरोपी बनाकर केस दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।













