


भागलपुर जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगरी रेलवे ओवरब्रिज एवं दिव्या हेचरी प्लांट के समीप शुक्रवार को दिव्या रिक्रिएशनल फिशरीज पार्क का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवलकिशोर चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने पूरे पार्क का भ्रमण करते हुए बोटिंग सुविधा, बायोफ्लॉक तालाब, हेचरी तथा बैकयार्ड अलंकारी मछलियों के संवर्धन इकाई का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम के दौरान डीएम के साथ अनुमंडल पदाधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा वन प्रमंडल पदाधिकारी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि यह पार्क जिले को मत्स्य संपदा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके लिए जिला मत्स्य पदाधिकारी कृष्ण कन्हैया एवं पार्क के निवेशक सौरभ कुंवर विशेष रूप से धन्यवाद के पात्र हैं।
पार्क संचालक सौरभ कुंवर ने बताया कि यहां आने वाले लोग फिशिंग कर सकेंगे और पकड़ी गई मछलियों को वहीं स्थित रेस्टोरेंट में बनवाकर भोजन का आनंद भी ले सकेंगे। पार्क में प्रवेश एवं सभी सुविधाओं के लिए निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि पार्क में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत लगभग 50 लाख रुपये की लागत से आरएएस अर्थात रिसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम लगाया गया है। यह प्रणाली हेचरी और अन्य स्रोतों से निकलने वाले गंदे पानी को रिसाइकल कर शुद्ध एवं उपयोगी बनाती है, जिसे पुनः तालाब और हेचरी में उपयोग किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है।
सौरभ कुंवर ने बताया कि पीएम मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत कुल 46 प्रकार की योजनाएं संचालित हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इच्छुक अभ्यर्थी मत्स्य विभाग में ऑनलाइन आवेदन कर इन योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।
इस अवसर पर इंस्पेक्टर महेश कुमार सिंह, आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार, थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार, रविंद्र उर्फ नुनु कुंवर सहित कई पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह पार्क भविष्य में पर्यटन, रोजगार और मत्स्य पालन के क्षेत्र में जिले के लिए एक नई पहचान स्थापित करने की उम्मीद जगाता है।













