


भागलपुर के तातारपुर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर ससुराल और मायके—दोनों पक्षों में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
लापता विवाहिता की पहचान करिश्मा देवी के रूप में हुई है। करिश्मा की सास ललिता देवी ने बताया कि उनके बेटे ने लव मैरिज की थी। शादी के बाद करिश्मा अधिकांश समय अपने मायके में ही रहती थी। हाल ही में भागलपुर में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए वह अपने बच्चों के साथ आई थी।

शादी समारोह समाप्त होने के बाद करिश्मा ने बताया कि वह अपने मायके, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जा रही है। इसी भरोसे पर सास और देवर ने उसे ट्रेन पर बैठाया। उस समय करिश्मा के पास लगभग दस हजार रुपये नकद और कुछ सोने-चांदी के जेवरात भी थे।
परिवार का कहना है कि ट्रेन के नाथनगर तक भी नहीं पहुंचने से पहले ही करिश्मा ने ससुराल पक्ष के सभी मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिए। इसके बाद से आज तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। न तो वह अपने मायके पहुंची और न ही वापस ससुराल लौटी।

मामले की जानकारी करिश्मा के मायके पक्ष को भी दी गई है। मायके वाले भी इस घटना से हैरान और परेशान हैं। दोनों परिवारों को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।
पीड़ित परिवार ने तातारपुर थाना में मामले की सूचना दी है, लेकिन आरोप है कि पुलिस लगातार मामले को टाल रही है और कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। परिवार का कहना है कि कई बार थाने के चक्कर लगाने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है।













