0
(0)

बाल भारती विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

नवगछिया। बाल भारती विद्यालय नवगछिया के प्रांगण में गणतंत्र दिवस का आयोजन अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में किया गया। विद्यालय परिसर को राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे रंगों और सजावटी प्रतीकों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। सुबह से ही विद्यालय में उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ था, जिसमें विद्यार्थी, शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावक एवं नगर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के माननीय अध्यक्ष सह न्यासी पवन कुमार सर्राफ द्वारा परेड निरीक्षण के साथ की गई। इसके पश्चात निर्धारित समय प्रातः 09:40 बजे उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत एनसीसी एवं स्काउट के बच्चों ने अनुशासनबद्ध और प्रभावशाली मार्च पास्ट का प्रदर्शन करते हुए तिरंगे को सलामी दी। बच्चों की कदमताल, अनुशासन और जोश ने उपस्थित लोगों को अत्यंत प्रभावित किया।

ध्वजारोहण के बाद अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ ने अपने संबोधन में कहा कि बाल भारती विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य को संवारने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रप्रेम का भाव विद्यार्थियों में विकसित करना विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के प्रति सदैव लगनशील रहने, लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहने और देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति से परिपूर्ण एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बना दिया। कुल 13 सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से कक्षा एक एवं दो के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत “जब जीरो दिया मेरे भारत ने” ने सभी को भावविभोर कर दिया और यह प्रस्तुति कार्यक्रम की सबसे अविस्मरणीय झलक बन गई।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की नवीं कक्षा की छात्राएं जाह्नवी, पल्लवी, प्राची, उन्नति एवं ब्यूटी ने अत्यंत सुंदर, सुसंगठित और आत्मविश्वासपूर्ण तरीके से किया, जिसकी सभी ने सराहना की।

इस भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह में विद्यालय के उपाध्यक्ष सह न्यासी अजय कुमार रुंगटा, डॉ. बी. एल. चौधरी, सचिव अभय प्रकाश मुनका, संयुक्त सचिव प्रवीण केजरीवाल, सदस्य नरेश केडिया, डॉ. ए. के. केजरीवाल, विनोद खंडेलवाल, बालकृष्ण पंसारी, गौरी शंकर सर्राफ सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यालय के आयोजन, अनुशासन और बच्चों की प्रतिभा की खुले दिल से प्रशंसा की।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालय की ओर से अनुमंडल परिसर में भी बिहार के पारंपरिक लोक नृत्य झिझिया पर आधारित आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। इस झांकी ने बिहार की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया और दर्शकों का भरपूर ध्यान आकर्षित किया। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए अनुमंडल प्रशासन की ओर से विद्यालय को पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस सफल आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह, प्रशासक डी. पी. सिंह, विद्यालय के एनसीसी ऑफिसर विकास पांडे तथा विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही। सभी के सामूहिक प्रयास से कार्यक्रम पूर्णतः सफल और अनुशासित रूप से संपन्न हुआ।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों, राष्ट्रप्रेम और एकता के संदेश से गूंज उठा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: