


भागलपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हाउसिंग बोर्ड स्थित दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर से भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था और उत्साह से भरी इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
कलश यात्रा की शुरुआत मंदिर परिसर से हुई, जिसमें सबसे आगे घोड़ा एवं बैंड-बाजे की आकर्षक प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा के दौरान भक्तों ने जयकारों और भक्ति गीतों के साथ भगवान शिव की आराधना करते हुए नगर भ्रमण किया।
मंदिर समिति के आयोजक रत्नेश सिंह ने बताया कि इस कलश यात्रा की विशेषता यह रही कि सावन मास के दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के प्रत्येक घर में गंगाजल सुरक्षित रखा गया था। महाशिवरात्रि के अवसर पर सभी घरों से गंगाजल एकत्रित किया गया, जिससे अगले दिन भगवान महादेव का विशेष जलाभिषेक किया जाएगा।
कलश यात्रा में निर्भय यादव, आशीष कुमार, गगन सिंह, दमन सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला और क्षेत्र शिवमय हो उठा।













