5
(2)

नवगछिया। मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और शहरवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर नवगछिया नगर परिषद की ओर से चलाए जा रहे विशेष फॉगिंग अभियान का तीसरा दिन गुरुवार को रहा। अभियान के तहत वार्ड संख्या 19, 23 एवं 24 में सघन फॉगिंग कराई गई। इस दौरान नालियों, जलजमाव वाले क्षेत्रों और कचरा प्वाइंटों पर एंटी लार्वा दवा के साथ आवश्यक स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव कराया गया।

नगर परिषद के अनुसार बरसात के बाद शहर के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। इससे मच्छरों के प्रजनन की संभावना बढ़ गई है। इसे देखते हुए नगर परिषद ने सभी 28 वार्डों को चरणबद्ध तरीके से फॉगिंग अभियान में शामिल करने के लिए रोस्टर तैयार किया है। अभियान मुख्य पार्षद प्रीति कुमारी के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है।

जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा पहली प्राथमिकता : सभापति

मुख्य पार्षद सह सभापति प्रीति कुमारी ने कहा कि नवगछिया के किसी भी वार्ड में मच्छरों का प्रकोप नहीं रहे, इसके लिए नगर परिषद लगातार काम कर रही है। शहरवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद जलजमाव वाले इलाकों में फॉगिंग अभियान को विशेष रूप से तेज किया गया है।

उन्होंने बताया कि वार्ड पार्षदों के सहयोग से अभियान के तहत पूरे शहर को कवर किया जाएगा। मुख्य पार्षद ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि लोग अपने घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने दें। घर या मोहल्ले में जलजमाव होने पर नगर परिषद को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

नालियों और जलजमाव वाले स्थानों पर विशेष फोकस

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सभी 28 वार्डों में फॉगिंग कराने के लिए रोस्टर तैयार किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तीसरे दिन वार्ड संख्या 19, 23 और 24 में अभियान चलाया गया।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद के कर्मियों द्वारा नालियों, कचरा प्वाइंट और जलजमाव वाले स्थलों को चिन्हित कर वहां एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार ब्लीचिंग पाउडर का भी छिड़काव कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य मच्छरों के लार्वा को पनपने से रोकना और मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को कम करना है।

सभी 28 वार्डों में लगातार चलेगा अभियान : प्रेम सागर

सभापति प्रतिनिधि सह समाजसेवी प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव ने कहा कि फॉगिंग अभियान केवल कुछ दिनों तक चलने वाला अभियान नहीं है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी 28 वार्डों को अभियान में शामिल किया जाएगा। जलजमाव वाले क्षेत्रों और मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों पर नगर परिषद की टीम विशेष निगरानी रखेगी।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और मच्छरजनित रोगों से सुरक्षित रखना है। इसके लिए नगर परिषद के कर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: