


भागलपुर स्थित बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर परिसर में महंत शिवनारायण गिरी की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता में महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
बताया गया कि इस अवसर पर बाबा बूढ़ानाथ महादेव का भव्य श्रृंगार, आरती एवं भजन संध्या स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए विशेष अभिषेक की व्यवस्था की गई है, जिसमें गंगाजल, लगभग पांच क्विंटल दूध, 50 किलोग्राम गन्ने का रस तथा छप्पन प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। मंदिर की भव्य सजावट हेतु कोलकाता से विभिन्न प्रकार के फूल मंगाए जा रहे हैं, जिनसे बाबा का दिव्य श्रृंगार किया जाएगा।
अत्यंत प्राचीन इस मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। महाशिवरात्रि के दिन दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु सुबह से ही कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करते हैं और अपनी मनोकामनाएं बाबा के चरणों में अर्पित करते हैं। मान्यता है कि इस मंदिर की स्थापना त्रेता युग में गुरु वशिष्ठ द्वारा की गई थी तथा गंगा तट पर स्थित होने के कारण इसकी धार्मिक महत्ता और भी बढ़ जाती है।
मंदिर परिसर में अभी से “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया है। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर प्रबंधक वाल्मीकि सिंह, उपप्रबंधक दीपक सिंह, डॉ. अजय भारती, अरुण झुनझुनवाला, राकेश कुमार तथा पुजारी अभिषेक पांडे सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।













