


नवगछिया। बाली (इंडोनेशिया) में 14 से 19 फरवरी तक आयोजित होने वाली भारत-इंडोनेशिया अंतरराष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन श्रृंखला के लिए भारतीय सीनियर एवं अंडर-21 टीम की घोषणा कर दी गई है। भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ द्वारा घोषित टीम शुक्रवार को चेन्नई से बाली के लिए रवाना हो गई।
महासंघ के महासचिव वाई. राजा राव द्वारा टीम की आधिकारिक घोषणा की गई। संयुक्त सचिव-सह-राष्ट्रीय चयनकर्ता गौरी शंकर ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की सीनियर एवं अंडर-21 टीमें भाग लेंगी। सीनियर पुरुष टीम की कप्तानी तेलंगाना के सबवत बाबू नायक तथा सीनियर महिला टीम की कप्तानी आंध्रप्रदेश की मस्वरपू राधाश्रवन्ति को सौंपी गई है।
इस प्रतियोगिता में बिहार के नवगछिया निवासी खिलाड़ी सूरज कुमार का भारतीय सीनियर पुरुष टीम में चयन क्षेत्र के लिए गर्व की बात मानी जा रही है। उनके चयन से स्थानीय खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।
भारतीय टीम को महासंघ के अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव, तकनीकी सलाहकार श्रीनिवास राव सहित कई पदाधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
प्रतियोगिता में भारत की सीनियर पुरुष, सीनियर महिला तथा अंडर-21 वर्ग की टीमें भाग लेंगी। टीम के साथ प्रशिक्षक और प्रबंधक भी रवाना हुए हैं। यह श्रृंखला खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय अनुभव को मजबूत करने और भारत की खेल प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।













