



भागलपुर :
भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि के अवसर पर निकाली गई शिव बारात के दौरान एक युवक द्वारा हथियार लहराने का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार शिव बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और युवा डीजे की धुन पर नाचते-झूमते आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान एक युवक हाथ में देसी कट्टा लेकर डांस करता दिखाई दिया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है।

वायरल वीडियो में युवक भीड़ के बीच खुलेआम हथियार लहराते हुए नजर आ रहा है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक जुलूस के दौरान इस तरह हथियार का प्रदर्शन गंभीर सुरक्षा जोखिम पैदा कर सकता है।

हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान करने और आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













