1.5
(2)

नवगछिया ।
भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने गुरुवार दोपहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इस्माईलपुर का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण महिला स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी पर लगाए गए अनैतिक आचरण के आरोपों की शिकायत मिलने के बाद किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिप अध्यक्ष ने महिला स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि भागलपुर से दवा आपूर्ति करने आए वाहन के साथ सीएचसी से दो अलमारियां बाहर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। उन्होंने मौके पर ही सिविल सर्जन को फोन कर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के तत्काल तबादले की मांग की, साथ ही सीएचसी में भेजे गए एवं स्थानीय स्तर पर खरीदे गए सामानों की भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया।

विपिन कुमार मंडल ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मियों एवं चिकित्सकों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सक समाज में भगवान का रूप माने जाते हैं, ऐसे में इस प्रकार के आरोप अत्यंत गंभीर हैं और इसकी गहराई से जांच आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि अस्पताल में उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम प्रभारी के कक्ष में स्थापित है, जिसे उन्होंने अनुचित बताते हुए इसे आम स्थान पर स्थापित करने का सुझाव दिया। इसके अलावा स्वास्थ्य प्रबंधक ने जानकारी दी कि रोगी कल्याण समिति की बैठक पिछले वर्ष अगस्त माह के बाद से आयोजित नहीं हुई है।

निरीक्षण के समय अस्पताल में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। जिप अध्यक्ष ने सभी बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने पर जोर दिया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 1.5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: