5
(1)

भारतीय योग प्रबंधन संस्थान के वरिष्ठ आचार्य अंशु और दिल्ली के आचार्य अमोल देंगे तनाव प्रबंधन की तकनीकों की जानकारी, भवन निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों के करीब 150 अधिकारी होंगे शामिल

पटना। कार्यस्थल पर बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव के बीच अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तनाव प्रबंधन की प्रभावी तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से 19 सितंबर को पटना के गर्दनीबाग स्थित बापू टावर में विशेष स्ट्रेस मैनेजमेंट कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भारतीय योग प्रबंधन संस्थान, हरियाणा के वरिष्ठ आचार्य अंशु जी और दिल्ली के आचार्य अमोल जी मुख्य रूप से विभिन्न सत्रों का संचालन करेंगे।

कार्यक्रम के आयोजन को लेकर भवन निर्माण विभाग, बिहार सरकार के अपर सचिव सह निदेशक विनय कुमार (आईएएस) ने भारतीय योग प्रबंधन संस्थान, हरियाणा के प्रस्तावित कार्यक्रम को संचालित करने की सहमति प्रदान की है। आयोजन में भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न सरकारी विभागों के करीब 150 अधिकारी प्रतिभागी के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के भी भाग लेने की संभावना है।

आचार्य अंशु और आचार्य अमोल संभालेंगे प्रमुख सत्र

समर्थगुरु सिद्धार्थ औलिया के निर्देशानुसार कार्यक्रम में कुल चार सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों का संचालन भागलपुर के वरिष्ठ आचार्य अंशु जी और दिल्ली के आचार्य अमोल जी करेंगे। कार्यक्रम में तनाव के कारणों, मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा कार्यस्थल के दबाव को प्रभावी तरीके से संभालने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रतिभागियों के साथ संवाद किया जाएगा।

कार्यक्रम में चार सत्रों के अतिरिक्त प्रश्नोत्तर एवं फीडबैक सत्र भी होगा। इसमें प्रतिभागियों को अपनी जिज्ञासाएं रखने और कार्यक्रम से जुड़े अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। आचार्य अंशु और आचार्य अमोल प्रतिभागियों के सवालों पर संवाद करते हुए तनाव प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक पहलुओं को सामने रखेंगे।

कार्यक्रम की संयोजिका पटना की निहारिका जी हैं, जबकि डॉ. प्रभात सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यस्थल के तनाव पर रहेगा विशेष फोकस

आयोजकों के अनुसार, वर्तमान कार्य संस्कृति में अधिकारियों और कर्मचारियों पर बढ़ते काम के दबाव के कारण तनाव एक महत्वपूर्ण विषय बन गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय योग प्रबंधन संस्थान, हरियाणा की ओर से देशभर में विभिन्न संस्थानों के लिए स्ट्रेस मैनेजमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

संस्थान की ओर से विश्वविद्यालयों, विद्यालयों, सरकारी विभागों और कॉरपोरेट संस्थानों में भी ऐसे कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। पटना में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भी प्रतिभागियों को मानसिक तनाव से बेहतर ढंग से निपटने, कार्यक्षमता बनाए रखने और संतुलित जीवनशैली की दिशा में उपयोगी जानकारी देने पर जोर रहेगा।

बापू टावर में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम विशेष रूप से सरकारी अधिकारियों की भागीदारी के कारण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यस्थल पर तनाव को कम करने और मानसिक संतुलन के महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: