5
(1)

ओवरफ्लो होकर गांवों की ओर बढ़ा पानी, सड़क और खेत जलमग्न; बचाव कार्य में जुटी प्रशासनिक टीम

नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रखंड मुख्यालय के पीछे स्थित ब्रह्मोतर बांध में रिसाव और कटाव से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बांध पर करीब चार से पांच स्थानों पर रिसाव की सूचना है, जबकि कई जगह तटबंध का हिस्सा कट गया है। तटबंध के ऊपर से पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के गांवों की ओर बढ़ रहा है।

गोपालपुर से सुकटिया बाजार जाने वाली सड़क पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया है। वहीं खेतों में बाढ़ का पानी फैलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण तटबंध की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर सहमे हुए हैं और किसी बड़े हादसे की आशंका जता रहे हैं।

स्थिति की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रिसाव व कटाव को रोकने के लिए बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त हिस्सों को मजबूत करने के लिए बालू भरी बोरियों सहित अन्य आवश्यक सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। ग्रामीण भी प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर तटबंध को बचाने के प्रयास में जुटे हैं।

जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार एवं भाजपा नेता नितेंद्र सिंह उर्फ गुलाब सिंह ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए कहा कि बांध को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि तटबंध पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ तो दो प्रखंडों की कई पंचायतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि तटबंध रैयती जमीन पर होने का हवाला देकर इसकी मरम्मत एवं सुरक्षा को लंबे समय से नजरअंदाज किया जाता रहा है। उनका आरोप है कि हर वर्ष जब बाढ़ का खतरा सामने आता है, तभी विभाग सक्रिय होता है। ग्रामीणों ने तटबंध की स्थायी मरम्मत कराने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी समाधान की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: