



भागलपुर। समीक्षा भवन (डीआरडीए) के समीप सोमवार को उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने आठ मोबाइल डेमॉन्स्ट्रेशन वैन (एमडीवी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वैन भागलपुर जिले के सातों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों की ओर रवाना हुईं। इस अवसर पर श्री सिंह ने पत्रकारों को बताया कि इन वैनों का उद्देश्य आमजन को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देश पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय द्वारा सभी जिलों में मोबाइल डेमॉन्स्ट्रेशन वैन चलाने का कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह अभियान 18 अगस्त 2025 से राज्यभर में शुरू हो चुका है और इसका संचालन बिहार के 243 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 48043 मतदान भवनों में किया जाएगा। इस उद्देश्य से राज्य में कुल 318 मोबाइल वैन चलाई जा रही हैं।

भागलपुर जिले में 8 ईवीएम-वीवीपैट प्रदर्शन वैन का संचालन 18 अगस्त से 15 सितंबर तक निर्धारित किया गया है। इन वैनों के माध्यम से नागरिकों को ईवीएम के बटन दबाने से लेकर वीवीपैट स्लिप देखने तक की पूरी प्रक्रिया का लाइव डेमॉन्स्ट्रेशन दिया जाएगा। वैन में प्रशिक्षित कर्मी, ऑडियो-विजुअल सामग्री, पोस्टर और बैनर की सहायता से मतदाताओं को जागरूक करेंगे। इसके अतिरिक्त, वैन पर मौजूद कर्मचारी नागरिकों के प्रश्नों का तत्काल उत्तर भी देंगे।
इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से पूर्व अभ्यास कराने का है, जिससे वे मतदान दिवस पर बिना किसी झिझक के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा वैन के मार्ग और समय की सूचना समय-समय पर दी जाती रहेगी। राज्य भर में 100 ईवीएम डेमॉन्स्ट्रेशन सेंटर भी स्थापित किए गए हैं, जहां अब तक 39871 लोगों ने भ्रमण कर जानकारी प्राप्त की है और 37918 लोगों ने मॉक वोट डालकर पूर्वाभ्यास किया है। भागलपुर के तीनों अनुमंडलों में भी ईवीएम डेमॉन्स्ट्रेशन सेंटर कार्यरत हैं।
भागलपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल वैन के भ्रमण का कार्यक्रम इस प्रकार है:

- बिहपुर विधानसभा क्षेत्र: नारायणपुर (18 से 23 अगस्त), बिहपुर (24 से 30 अगस्त), खरीक (31 अगस्त से 7 सितंबर)
- गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र: रंगरा (18 से 26 अगस्त), गोपालपुर (27 से 31 अगस्त), इस्माइलपुर (1 से 5 सितंबर), इस्माइलपुर (6 से 7 सितंबर)
- पीरपैंती (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र: कहलगांव (18 से 30 अगस्त), पीरपैंती (31 अगस्त से 15 सितंबर)
- कहलगांव विधानसभा क्षेत्र: गोराडीह (18 से 28 अगस्त), कहलगांव (18 से 28 अगस्त), सबौर (29 अगस्त से 3 सितंबर)
- भागलपुर विधानसभा क्षेत्र: संपूर्ण नगर क्षेत्र (18 से 28 अगस्त और 29 अगस्त से 7 सितंबर)
- सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र: सुल्तानगंज (18 अगस्त से 3 सितंबर), शाहकुंड (4 से 15 सितंबर)
- नाथनगर विधानसभा क्षेत्र: नाथनगर (18 से 25 अगस्त), जगदीशपुर (26 अगस्त से 5 सितंबर), सबौर (6 से 13 सितंबर)
प्रत्येक प्रखंड के लिए एक-एक नोडल पदाधिकारी नामित किए गए हैं। कुल 1292 मतदान केंद्रों पर ईवीएम डेमॉन्स्ट्रेशन वैन का संचालन किया जाएगा। निर्वाचन आयोग का मानना है कि यह पहल मतदाता जागरूकता और मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।














