



नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपारा गांव में रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार से दो मौतों की दर्दनाक घटना सामने आई है। बीते शनिवार को हिंसक मारपीट में घायल हुए विवेकानंद सिंह उर्फ़ बिक्खी सिंह (उम्र 50 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। वहीं, देवर की मौत की खबर सुनते ही सदमे में उनकी भाभी निर्मला देवी (उम्र 45 वर्ष), पति पांडव सिंह की भी रविवार को मौत हो गई। दोनों की मौत से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को विवेकानंद अपने सगे भाई मुनमुन सिंह और चचेरे भाई अरुण सिंह के साथ नगरपारा निवासी बंटी मंडल के घर बकाया 70 हजार रुपये मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान बंटी मंडल एवं उसके भाई सहित अन्य सहयोगियों ने विवाद करते हुए गाली-गलौज की तथा देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी। हमले में विवेकानंद गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद घायल विवेकानंद को स्थानीय नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में नवगछिया जीरोमाइल के पास ही उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल चचेरे भाई अरुण सिंह का इलाज मायागंज में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही भविष्यपुर पुलिस सक्रिय हुई और आधे घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। हालांकि अभी भी पांच आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एक ही परिवार से लगातार दो मौतों के बाद गांव में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनीत शंभू कुमार ने कहा कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।

















