



नवगछिया। गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय सभागार में मंगलवार को 20 सूत्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष साकेत बिहारी ने की, जबकि संचालन प्रखंड के विकास पदाधिकारी निशांत कुमार ने किया।

बैठक में गोपालपुर विधानसभा के विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ़ गोपाल मंडल और प्रखंड प्रमुख रागिनी देवी ने प्रखंड में चल रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। बैठक में विशेष रूप से सरकार द्वारा लागू की गई महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति और उनकी समीक्षा पर चर्चा हुई।

प्रखंड मुख्यालय में 20 सूत्री कक्ष का उद्घाटन भी फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि निकेत बिहारी, 20 सूत्री समिति के उपाध्यक्ष रंजीत झा, चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर सुधांशु कुमार, प्रखंड जीविका के अधिकारी विश्वेश्वर कुमार, उप प्रमुख सहित अन्य अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में प्रखंड की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने, उनकी मॉनीटरिंग करने और जनता तक योजना के लाभ पहुँचाने के उपायों पर विशेष ध्यान दिया गया। सभी उपस्थित अधिकारियों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की और योजना प्रगति में आ रही समस्याओं और चुनौतियों पर सुझाव भी दिए।

















