


नवगछिया । सावन माह में आस्था और संकल्प का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। अररिया जिले के अमर आमगाछी निवासी एक शिवभक्त कांवरिया लगभग 100 किलोग्राम जल लेकर 200 किलोमीटर की कांवर यात्रा पर निकले हैं। वह सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम से गंगाजल भरकर अररिया जिले के सुंदरनाथ धाम तक पैदल यात्रा कर रहे हैं

कांवरिया ने बताया कि उनकी कांवर में तीन अलग-अलग जलपात्र हैं। एक जलपात्र माता-पिता के नाम समर्पित है, दूसरा उस संकल्प के लिए है, जिसके तहत उन्होंने पूर्व में अररिया से अटारी बॉर्डर तक की यात्रा पूरी की थी, जबकि तीसरा जलपात्र देश के सैनिकों के सम्मान एवं कल्याण की भावना से समर्पित है।
उन्होंने बताया कि उनके साथ कुछ अन्य साथी भी यात्रा में शामिल हैं तथा आवश्यक सामग्री के लिए एक छोटा वाहन भी साथ चल रहा है। करीब 25 दिनों में यह यात्रा पूरी कर सुंदरनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
यात्रा के दौरान जब कांवरिया नवगछिया जीरोमाइल पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। नीरज राय, रजनीकांत, सोनू सिंह, जितेंद्र कुमार और अभिषेक कुमार ने उन्हें जूस एवं फल खिलाकर सेवा की तथा उनकी सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
















