


नवगछिया ।
गंगा एवं कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच इस्माइलपुर-गोपालपुर बिंदटोली तटबंध पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे बाढ़ सुरक्षा एवं कटावरोधी कार्यों का मंगलवार को जल संसाधन विभाग की पटना मुख्यालय से आई उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वॉड) टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं विभागीय मानकों के अनुपालन की विस्तृत जांच की।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता ई. मुकेश कुमार एवं अन्य अधिकारियों ने स्पर संख्या-8 से स्पर संख्या-9 के बीच लगभग 740 मीटर लंबाई में चल रहे बोल्डर एप्रन, बोल्डर स्लोप पिचिंग तथा लोहा शीट पाइलिंग कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कटावरोधी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उड़नदस्ता टीम ने बोल्डर क्रेटिंग में प्रयुक्त पत्थरों के वजन, गुणवत्ता, ग्रेडेशन एवं पैकिंग की तकनीकी जांच की। इसके साथ ही शीट पाइलिंग की गहराई, एलाइनमेंट, इंटरलॉकिंग सिस्टम तथा डिजाइन के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का भी सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता नियंत्रण, निर्माण कार्य की प्रगति एवं सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ एवं तट कटाव से प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
निरीक्षण के समय कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार, सहायक अभियंता नयन कुमार, कनीय अभियंता ई. रविंद्र कुमार तथा संजीत मांझी सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
















