


नवगछिया / कटिहार : भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून ने गंगा दशहरा के अवसर पर “घाट पे हाट” कार्यक्रम के अंतर्गत मनिहारी गंगा घाट पर जलज परियोजना का जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस अभियान में, जलज परियोजना के सहायक समन्यवक राहुल कुमार राज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को इस परियोजना के उद्देश्य, जलज रामचिरैया जागरूकता केंद्र के बारे में जानकारी दी। उन्होंने हर्बल साबुन, जलकुभी, बांस, जूट जैसे उत्पादों के बारे में विस्तार से बताया और इसके पर्यावरण और जलीय जीवों पर प्रभाव पर भी चर्चा की।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्लास्टिक मुक्त गंगा घाट बनाने और जैव विविधता संरक्षण एवं प्रबंधन के महत्व पर भी जागरूकता दी। यह कार्यक्रम स्थानीय लोगों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में मददगार साबित हुआ।












