


सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर भेंट कर दी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं, विकास व संगठन को लेकर हुई चर्चा
पूर्णिया। भारतीय जनता पार्टी की जिला मंत्री नूतन गुप्ता ने जिला अतिथि गृह में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान नूतन गुप्ता ने कहा कि मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल का उन्हें सदैव स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. दिलीप जायसवाल का व्यक्तित्व, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके कुशल मार्गदर्शन से निरंतर जनसेवा और समाज कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
शिष्टाचार मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास, संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा स्थानीय जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई। नूतन गुप्ता ने क्षेत्र की आवश्यकताओं और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को लेकर भी मंत्री के साथ विचार-विमर्श किया।
मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने शिक्षक दिवस के अवसर पर दी गई तस्वीर और शुभकामनाओं के लिए नूतन गुप्ता के आत्मीय प्रयास की सराहना की। उन्होंने संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और जनसेवा के संकल्प के लिए शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एवं जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की बात कही।
इस अवसर पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच भी उत्साह का माहौल रहा।















