
पूर्व विवाद में फायरिंग और हथियार के बट से हमला करने का आरोप, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
नवगछिया। रंगरा थाना की पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए भवानीपुर निवासी गुरुदेव यादव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को राजू कुमार ने रंगरा थाना में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि भवानीपुर गांव स्थित सरस्वती मंदिर के समीप पूर्व विवाद को लेकर ग्रामीण यादव और अन्य लोगों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। आरोप है कि इसके बाद हथियार के बट से उनके सिर पर हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

इस मामले में रंगरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, कांड में शामिल अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस ने भवानीपुर निवासी गुरुदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
















