5
(1)

छात्र-छात्राओं ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को अर्पित की पुष्पांजलि, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

पूर्णिया। गणेशपुर परोरा स्थित कैलाश सुशील नर्सिंग इंस्टीट्यूट एवं अजय हॉस्पिटल के परिसर में शिक्षक दिवस श्रद्धा, उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक रंजीत रमन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु को सदैव सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। अपने संबोधन में उन्होंने संत कबीर के प्रसिद्ध दोहे— “गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागू पाय। बलिहारी गुरु आपने, गोविंद दियो बताय।”—का उल्लेख करते हुए गुरु के महत्व को रेखांकित किया।

रंजीत रमन ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र, व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। नर्सिंग जैसे सेवाभावी क्षेत्र में शिक्षकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि यहां प्राप्त ज्ञान और प्रशिक्षण सीधे मानव जीवन की सेवा और सुरक्षा से जुड़ा होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों के मार्गदर्शन को आत्मसात कर सेवा भावना के साथ अपने पेशे में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में समाज निर्माण फाउंडेशन ट्रस्ट के सचिव कंचन भारती एवं संस्थान के सुप्रीटेंडेंट डॉ. एस.के. सिन्हा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा भावना को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

संस्थान के प्रिंसिपल सुधाकर कुमार ने विद्यार्थियों को गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को समझने तथा शिक्षकों के दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और गुरु के प्रति सम्मान हमारी समृद्ध परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।

समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। देशभक्ति गीत, गुरु वंदना और नाटक की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपने प्रिय शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में फैकल्टी मेंबर्स विक्की कुमार, अंकित राज, महिमा भारती, गोल्डी रानी एवं सपना रमन की सक्रिय भूमिका रही। समारोह का समापन शिक्षकों के सम्मान में लगाए गए नारों और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच हुआ।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: