



नवगछिया : बाल भारती विद्यालय में दीपावली की छुट्टी से पहले एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन ने 2023-24 सत्र के सीबीएसई 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
सीबीएसई 10वीं में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में आदित्य कुमार, आर्यन सिंह, अंकित राज सुमन, सुहाना कुमारी, वैष्णवी वान्या, ओम भारती, सागर सुमन, कृष्णा चिरानियाँ, प्रिया रानी, शिमरण कुमारी, कृष्णकांत कुमार, अनमोल सिंह, अनंता रॉय और प्रियांशु राज शामिल हैं।

इसके साथ ही, पूर्व छात्रा और नवगछिया नगर परिषद की उपसभापति रश्मिरथी देवी एवं पार्षद अजय यादव के पुत्र श्रेयांस को नेशनल पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में चयनित होने पर उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया। पूर्ववर्ती छात्रा सिंपल कुमारी को नीट में 674 अंक लाने पर भी विद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय के प्रशासक डी पी सिंह ने किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन सर्राफ ने बच्चों को उनकी उपलब्धियों पर शुभकामनाएं दी और उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा ने बच्चों की सफलता के लिए शिक्षकों और अभिभावकों को धन्यवाद दिया, और कहा कि “जो बच्चे किताबों के आगे सिर झुकाते हैं, वे जीवनभर गर्व से सिर ऊंचा रखते हैं।”

समारोह में नगर परिषद की उपसभापति रश्मिरथी देवी, विद्यालय समिति के संयुक्त सचिव प्रवीण केजरीवाल, वार्ड पार्षद प्रमोद यादव, बाल भारती पोस्ट ऑफिस के प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल और पूर्ववर्ती छात्रों एवं उनके अभिभावकों ने भी अपने विचार साझा किए।
अंत में, विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव अभय प्रकाश मूनका, कार्यकारिणी सदस्य बाल कृष्ण पंसारी, और सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित थे।













