

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव पर तीखा हमला करते हुए कहा कि लालू राज में उनके बेटे का भी अपहरण हुआ था और इस दर्द को वह सबसे ज्यादा समझ सकते हैं। मंत्री ने आगे कहा कि लालू यादव के शासनकाल में बिहार में भ्रष्टाचार, फिरौती और अपहरण जैसी घटनाओं में भारी बढ़ोतरी हुई थी, और उस समय राज्य में जंगलराज का आलम था।

उन्होंने कहा कि बिहार अब बदल चुका है, और सूबे की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के नेतृत्व में एक विकसित बिहार के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है। मंत्री का यह बयान राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के साले सुभाष यादव द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर प्रतिक्रिया के रूप में आया।
संतोष सिंह ने बताया कि वह खुद लालू शासन में अपराध का शिकार हुए थे, जब उनके पुत्र का अपहरण हुआ था। उस वक्त न्याय की उम्मीद में वह सुभाष यादव के पास गए थे, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। अब, सुभाष यादव द्वारा भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ आवाज उठाने को मंत्री ने सही दिशा में उठाया गया कदम बताया, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सुभाष को अपने जीजा लालू प्रसाद का विरोध पहले ही कर देना चाहिए था।

मंत्री ने यह भी कहा कि लालू प्रसाद के शासन में बिहार में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी और जनता अपहरण और फिरौती की घटनाओं से त्रस्त थी।