


नवगछिया : नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत खगड़ा बहियार में करंट लगने से एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान खगड़ा निवासी पारो मंडल की पत्नी सुनिता देवी के रूप में हुई है।

पीड़ित पति पारो मंडल ने बताया कि वह अपनी पत्नी सुनिता देवी के साथ बहियार में मकई काटने गया था। इसी दौरान विजय मंडल के खेत के पास जैसे ही उसकी पत्नी पहुंची, वह एक बिजलीयुक्त तार की चपेट में आ गई और मौके पर ही गिर पड़ी। पारो मंडल ने बताया कि विजय मंडल के खेत में कोई फसल नहीं थी, फिर भी उन्होंने खेत को चारों तरफ से खूँटे और तार से घेर दिया था। यह तार आमतौर पर घर बनाने में प्रयोग होता है, लेकिन इसमें बिजली प्रवाहित कर दी गई थी।
पत्नी को बचाने जब पारो मंडल खुद आगे बढ़ा तो उसे भी करंट का झटका लगा, हालांकि किसी तरह उसकी जान बच गई। लेकिन सुनिता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद सौंपा परिजनों को

घटना की सूचना परबत्ता थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
घटना को लेकर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने गैर-कृषि भूमि पर करंट युक्त तार लगाने को लेकर नाराजगी जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
