5
(1)

भागलपुर: नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। आगामी चुनावों की तैयारी के मद्देनज़र राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त और सक्रिय करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के तीन प्रमुख प्रखंडों—नाथनगर, सबौर और जगदीशपुर—के बूथ स्तर के राजद कार्यकर्ताओं का एक महा जुटान आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जगदीशपुर प्रखंड अंतर्गत बैजानी के एक निजी होटल में होगा, जहां प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ राजद नेताओं की उपस्थिति रहेगी।

इस आशय की जानकारी नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से राजद विधायक मोहम्मद अली अशरफ सिद्दीकी ने अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि इस महा जुटान का उद्देश्य न सिर्फ कार्यकर्ताओं को एकजुट करना है, बल्कि संगठनात्मक मजबूती के लिए रणनीति तैयार करना भी है। विधायक सिद्दीकी ने कहा कि कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व राजद की तेजतर्रार नेता बीमा भारती सहित कई प्रदेश स्तरीय नेता भाग लेंगे।

महा जुटान के दौरान “सामाजिक न्याय” विषय पर एक विशेष परिचर्चा का भी आयोजन किया जाएगा। इस परिचर्चा में मुख्य रूप से पिछड़ा, अति पिछड़ा, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अधिकारों और उनके सामाजिक, राजनीतिक सशक्तिकरण पर चर्चा की जाएगी। राजद विधायक ने कहा कि पार्टी हमेशा से वंचितों, शोषितों और दबे-कुचले वर्गों की आवाज बनकर खड़ी रही है और यह कार्यक्रम उसी सोच का विस्तार है।

विधायक ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और संगठन की ताकत को मजबूती देने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजद आने वाले समय में जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूती से पहुंचेगी और बिहार में सामाजिक न्याय की लड़ाई को और तेज़ किया जाएगा।

यह महा जुटान राजद के लिए न सिर्फ संगठनात्मक दृढ़ता का प्रतीक होगा, बल्कि चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा भी साबित हो सकता है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: