


बिहपुर प्रखंड स्थित एनडीए कार्यालय में मंडल भाजपा के संयोजन में पद्म भूषण सम्मानित पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दिलीप महतो और ब्रजेश चौधरी ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन अभय कुमार राय ने किया।
इस मौके पर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र समेत बिहपुर, खरीक और नारायणपुर प्रखंडों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे। सभी ने स्व. मोदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

विधायक श्री शैलेंद्र ने घोषणा करते हुए कहा कि हरियो के त्रिमुहान कोसी घाट पर बनने वाले 20 करोड़ रुपये के प्रस्तावित पीपा पुल का नाम स्व. सुशील कुमार मोदी के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने स्व. मोदी को जनसेवा व पार्टी के लिए समर्पित महान नेता बताया।

प्रो. गौतम, दिनेश यादव, रूपेश कुमार ‘रूप’ और इंजीनियर कुमार गौरव ने भी स्व. मोदी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके समर्पण और कार्यशैली से भावी पीढ़ी को प्रेरणा मिलती रहेगी।
इस अवसर पर रंजीत गुप्ता, अजय उर्फ माटो, लालमोहन, सिंटू, सदानंद समेत कई अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि 16 से 23 मई तक तीनों मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जो दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आयोजित होगी।
बिहपुर में यह यात्रा 16 मई को अपराह्न 4 बजे निकाली जाएगी, जिसमें आमजन, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल होंगे।













