



वायरल ऑडियो में नेता ने कहा – “तुम्हारे बिना नहीं रह सकता, सिंदूर भरने को तैयार हूं…
भागलपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड से सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक कांग्रेस नेता पर तीन साल तक अपनी नौकरानी से यौन शोषण, जबरन गर्भपात और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता महिला ने 14 मई की शाम जगदीशपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, कांग्रेस नेता ने झूठे वादों और प्रलोभनों के ज़रिए उनका शोषण किया। आशा देवी का कहना है कि उन्हें ₹4000 मासिक वेतन देने का वादा किया गया था, लेकिन कभी ₹500 तो कभी ₹1000 ही दिए गए। आरोप है कि इस दौरान दो बार जबरन गर्भपात भी करवाया गया। जब पीड़िता ने यह संबंध तोड़ना चाहा और काम छोड़ दिया, तो उन्हें और उनके बच्चों को जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। यहां तक कि सुनील तिवारी उनके ससुराल पहुंचकर सास-ससुर को भी धमकाने लगे।
मामले में नया मोड़ तब आया जब दोनों के बीच की बातचीत का वॉइस मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उस ऑडियो में कथित तौर पर नेता नें भावनात्मक अपील करते सुने जा रहे हैं— “मैं तुम्हारे बिना नहीं रह सकता, सिंदूर भरने को तैयार हूं, जितनी जमीन चाहिए ले लो, जितना पैसा चाहिए ले लो।”* वहीं, महिला साफ कहती हैं कि वह अब उनके साथ नहीं रहना चाहतीं और न ही उनके घर में काम करना चाहतीं।
जब इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता से मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने सभी आरोपों को झूठा बताते हुए कहा, “यह मुझे फंसाने की साजिश है। कोई भी किसी के खिलाफ आवेदन दे सकता है, इसका मतलब यह नहीं कि वह दोषी है। मेरी छवि को खराब करने की कोशिश की जा रही है।”
जगदीशपुर थाना अध्यक्ष अभय कुमार ने पुष्टि की है कि मामले में आवेदन मिला है और पुलिस जांच में जुट गई है। सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और जांच के बाद कानूनसम्मत कार्रवाई की जाएगी।















