


नवगछिया : अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर मध्य विद्यालय भवानीपुर में सहायक शिक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में चेतना सत्र के दौरान विद्यार्थियों के बीच परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस सत्र में जैव विविधता के महत्व और वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बीपीएससी शिक्षक प्रत्यूष प्रकाश ने बच्चों को जैव विविधता के संरक्षण की आवश्यकता और इसके तरीकों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जैव विविधता पृथ्वी के संतुलन और सतत विकास के लिए आवश्यक है।

सहायक शिक्षक अमित कुमार ने “प्रकृति के साथ सामंजस्य और सतत विकास” विषय पर निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन कराया। सीनियर वर्ग में मनीषा कुमारी, शांभवी कुमारी, जिया कुमारी, पलक प्रिया, बॉबी प्रवीण, साक्षी कुमारी और सत्यम कुमार को विजेता घोषित किया गया, जबकि जूनियर वर्ग में रीतिका कुमारी, शालू कुमारी और निखिल कुमार ने सफलता हासिल की।
कार्यक्रम के दौरान सभी विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण सहायक शिक्षक अमित कुमार और प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर मंडल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इसके साथ ही विद्यालय में उत्कृष्ट शैक्षिक और सह-शैक्षिक योगदान के लिए अमित कुमार एवं प्रत्यूष प्रकाश को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट शिक्षक ज्योत्सना कुमारी की भूमिका भी सराहनीय रही।
