


नवगछिया अनुमंडल के इस्माइलपुर प्रखंड के वेदीराय टोला प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों और अभिभावकों की बैठक के दौरान प्रधानाध्यापिका रिंकू कुमारी और सहायक शिक्षिका कुमकुम कुमारी के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। प्रधानाध्यापिका रिंकू कुमारी ने बताया कि यह बैठक गर्मी की छुट्टियों के दौरान छात्रों को दिए जाने वाले होमवर्क के बारे में थी। बैठक लगभग सुबह 10 बजे शुरू हुई थी जिसमें गांव के पुरुष और महिलाएं दोनों मौजूद थे।
बैठक के दौरान सहायक शिक्षिका कुमकुम कुमारी ने कहा कि बैठक में केवल महिलाएं आई हैं, पुरुष नहीं आए हैं। इस पर प्रधानाध्यापिका ने कहा कि बैठक होनी चाहिए, इस मुद्दे को बाद में उठाया जाएगा। बाद में कुमकुम कुमारी ने स्कूल के रखरखाव के लिए मिले 50 हजार रुपये के खर्च को लेकर विवाद शुरू कर दिया। जब प्रधानाध्यापिका ने बैठक का वीडियो बनाना शुरू किया तो कुमकुम कुमारी ने उन्हें धक्का दिया और मारपीट की। इस दौरान प्रधानाध्यापिका का मोबाइल भी टूट गया।

प्रधानाध्यापिका ने बताया कि वे 2015 से इस विद्यालय की प्रधानाध्यापिका हैं, जबकि इससे पहले कुमकुम कुमारी ही प्रधानाध्यापिका थीं और इसी कारण से अक्सर विवाद होता रहता है। उन्होंने इस घटना की जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच के लिए अधिकारियों को स्कूल भेजा है और जांच रिपोर्ट जल्द सौंपने को कहा है।
सहायक शिक्षिका कुमकुम कुमारी ने मामले पर कुछ भी कहने से इनकार किया और बताया कि सारी बातें उन्होंने पदाधिकारियों को बता दी हैं।
