



भागलपुर : केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने भागलपुर के बुनकरों, कारीगरों और रेशमी कपड़ा उद्योग से जुड़े लाखों लोगों के लिए एक नई उम्मीद जगा दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की है कि भागलपुर को पीएम मित्र योजना के अंतर्गत प्रस्तावित मेगा टेक्सटाइल पार्क में शामिल किया जाए।
चिराग पासवान की इस पहल को बुनकर समाज ने एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा है। वर्षों से चुनावी वादों और घोषणाओं के बीच केवल आश्वासन ही मिलने वाले बुनकर समुदाय को पहली बार ऐसा लग रहा है कि उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर प्रयास हो रहे हैं।

भागलपुर को ‘सिल्क सिटी’ के नाम से जाना जाता है, लेकिन यहां के बुनकर और शिल्पकार आज भी आर्थिक तंगी और बाजार की चुनौतियों से जूझ रहे हैं। रेशमी वस्त्रों के निर्माण से लेकर उसके विपणन तक की प्रक्रिया में उन्हें अनेक प्रकार की समस्याएं आती हैं, जिससे उनका जीवनस्तर प्रभावित हो रहा है।
यदि भागलपुर को मेगा टेक्सटाइल पार्क का दर्जा मिल जाता है, तो इससे न केवल परंपरागत बुनकरी उद्योग को एक नई दिशा मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही, यह क्षेत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी विशिष्ट पहचान और मजबूती के साथ खड़ा हो सकेगा।














