5
(2)

भागलपुर में गुरु-शिष्य की पावन परंपरा को एक शिक्षक ने कलंकित कर दिया है। कहलगांव के रसलपुर थाना क्षेत्र स्थित जवाहरलाल नेहरू उच्च विद्यालय, धनौरा में पढ़ाने वाला शिक्षक हरिओम यादव अपने ही विद्यालय की दो नाबालिग छात्राओं को बहला-फुसलाकर लेकर फरार हो गया है। दोनों छात्राएं नौवीं कक्षा की हैं और आरोपी शिक्षक उसी कक्षा का क्लास टीचर था।

बताया जा रहा है कि शिक्षक हरिओम यादव बिहार सरकार द्वारा घोषित अवकाश के अगले दिन यानी 27 मई से दोनों छात्राओं के साथ लापता है। छात्राओं के परिजनों ने रसलपुर थाना में आवेदन देकर बरामदगी की गुहार लगाई है, लेकिन 13 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी शिक्षक और छात्राओं का कोई सुराग नहीं लगा पाई है।

परिजनों ने दिए गए आवेदन में बताया कि आरोपी शिक्षक के पास दो मोबाइल नंबर थे और वह दोनों छात्राओं से अलग-अलग नंबरों से संपर्क करता था। एक दिन एक छात्रा के पिता ने उसे छत पर मोबाइल से बात करते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह मोबाइल उसे स्कूल के शिक्षक हरिओम यादव ने दिया है। इस दौरान छात्रा ने यह भी बताया कि उसकी एक सहेली भी उसी शिक्षक से बात करती है और उसे भी मोबाइल मिला है।

जब परिजनों ने शिक्षक से संपर्क किया तो उसने उल्टे उन्हें धमकाया। इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और प्राचार्य को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। लेकिन इसके 10 दिन बाद ही शिक्षक दोनों छात्राओं को लेकर फरार हो गया। परिजनों ने यह भी बताया कि शिक्षक स्कूल में हाजिरी बनाकर छात्राओं को बाजार घुमाने ले जाता था और पूछने पर कहता कि पढ़ाई के सिलसिले में ले जा रहा है।

गायब छात्रा की मां डोली देवी ने बताया कि जिस स्कूल में उनकी बेटी पढ़ती थी, उसी स्कूल के शिक्षक हरिओम यादव ने उनकी बेटी का अपहरण किया है। उन्होंने कहा कि आरोपी शिक्षक घर पर ट्यूशन भी पढ़ाता था। एक दिन जब बेटी को बात करते पकड़ा गया, तो मोबाइल जब्त कर थाना में जमा कर दिया गया है।

एक अन्य छात्रा के पिता अभय रविदास ने बताया कि उनकी बेटी धनौरा उच्च विद्यालय में पढ़ती थी। शिक्षक हरिओम यादव जो बांका जिले के बॉसी का निवासी है, उसे बहला-फुसलाकर ले गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में घटना स्पष्ट रूप से कैद हुई है।

भागलपुर एसएसपी हृदय कांत ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शिक्षक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है। आरोपी के घर पर छापेमारी की गई है और उसके मोबाइल नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही छात्राओं को बरामद कर लिया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक स्कूल में पढ़ाने के साथ-साथ ट्यूशन भी देता था। इसी दौरान वह छात्राओं के करीब आया और फिर उन्हें लेकर फरार हो गया।

वहीं, कहलगांव के प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बालदेव ठाकुर ने बताया कि घटना 27 मई की है और वह 31 मई को प्रभार में आए हैं। स्कूलों में छुट्टी होने के कारण उन्हें पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है, लेकिन वे जानकारी लेकर साझा करेंगे।

धनौरा के गनौरी साह के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में शिक्षक की हरकत कैद हो गई है। फुटेज में रात 1 बजकर 6 मिनट पर शिक्षक एक छात्रा के साथ जाते हुए दिखाई दे रहा है। बताया गया कि हरिओम यादव धनौरा में संजीव कुमार सिंह के मकान में किराए पर रहता था और कोचिंग भी चलाता था।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: