



नवगछिया । बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनगामा में शनिवार की रात्री ससुराल वालों ने दहेज के लिए 25 वर्षीय महिला काजल देवी पति गौतम यादव की हत्या कर शव को गायब कर दिया था। वहीं घटना के बाद मृतका के पति समेत ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए थे। सोमवार को मृतका के पिता खगरिया जिलांतर्गत गोगरी जमालपुर वार्ड संख्या 10 निवासी सुदो यादव के लिखित आवेंदन पर ससुराल वालों पर दहेज के लिए पुत्री काजल की हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगाया था। जिसपर कांड संख्या 157/25 दर्ज किया गया। नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। जिसमें बिहपुर अंचल निरीक्षक पवन कुमार सिंह, बिहपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, डीआईयू टीम एवं अन्य पदाधिकारी को शामिल किया गया। टीम के द्वारा तकनीकी एवं मानवीय आसूचना संकलन के आधार पर महज कुछ घँटे बाद सोमवार को ही कांड में शामिल अभियूक्त वासुदेव यादव पिता माले यादव, जानकी देवी पति वासुदेव यादव को गिरफ्तार किया गया।

वहीं मंगलवार को मृतका के पति गौतम यादव पिता वासुदेव यादव को बभनगामा स्थित गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार गौतम यादव ने पुछताछ के दौरान शव को गंगा नदी में ठिकाना लगाने की बात पुलिस को बताया। गिरफ्तार गौतम की निशानदेही पर बिहपुर पुलिस ने खुसरूसा कुंडीया बहियार गौरीपुर में छापेमारी कर गंगा की छोटी धार नदी किनारे पानी मे तैरता हुआ प्लास्टिक बोरी में बंद मृतका का शव क्षत विक्षत हालत में बरामद किया गया। मृतका का शव सड़ चुका था और शव से दुर्गंध आ रही थी। वही घटना का कारण मृतका काजल एवं पति गौतम यादव व ससुराल वालों के बीच पारिवारिक आपसी विवाद को लेकर मारपीट के क्रम में काजल की मौत हो गई। शव को छुपाने के उद्देश्य से मृतका के पति, ससुराल वालों एवं अन्य के द्वारा उसके शव को गंगा सोती में खुसरूसा कुंडीया में फेंक दिया ग़या। कांड में फरार मृतका के देवर गौरव यादव और सौरव यादव अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। इधर घटना को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हो रही है। जितनी मुह उतनी बातें कही जा रही है।

ग्रामीणों में चर्चा यह है की मृतका काजल को उसकी सास जानकी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। अपनी मां से बदतमीजी गौतम और उसके भाइयों को नागवार लगा, जिस कारण काजल को मौत का घाट उतार दिया गया। काजल की मौत के बाद उसके शरीर के कई अंगों को तोड़कर प्लास्टिक बोरा में बंद कर घर चार किलोमीटर दूर मरगंगा में बोरी में बंद शव को फेंक दिया गया। इस छापेमारी में बिहपुर सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह, बिहपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार, पुअनि धर्मवीर कुमार, परिपुअनि रिया कुमारी, अवधेश कुमार, सअनि अशोक कुमार एवं डीआईयू टीम शामिल थे।














