



भागलपुर के बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित मोदीनगर के शाही मंदिर के पास ठठेरी टोला में एक युवक ने घरेलू विवाद के बाद ज़हरीला पदार्थ खा लिया। युवक की पहचान मुंगेर निवासी 25 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में हुई है, जो भागलपुर में किराए के मकान में रहकर ई-रिक्शा चलाता है।

जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर चंदन और उसकी भाभी के बीच कहासुनी हो गई थी। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट तक की नौबत आ गई, जिसमें भाभी को हल्की चोटें आईं। इसके बाद बड़े भाई ने चंदन से कहा कि भाभी को डॉक्टर के पास ले जाकर इलाज कराएं। भाभी को डॉक्टर के पास ले जाने के बाद चंदन ने अचानक ज़हरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

जब छोटे भाई मुन्ना और भाभी डॉक्टर के पास से लौटे, तो देखा कि चंदन की हालत गंभीर है। उसे तुरंत मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद से परिवार में अफरा-तफरी का माहौल है। भाभी का रो-रो कर बुरा हाल है। छोटे भाई मनीष कुमार ने बताया कि विवाद के बाद चंदन ने ज़हर खा लिया था, इसीलिए उसे तत्काल अस्पताल लाया गया। हालांकि विवाद का असली कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।














